जमशेदपुर : टाटा स्टील के स्वामित्व वाली झारखंड की फ्रेंचाइजी चेरो आर्चर्स आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सीजन के लिए तैयार है. प्रतियोगिता आठ से 18 अक्टूबर तक हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा (नेकलेस रोड) में दूधिया रोशनी में आयोजित होगी. वर्ष 2025 में खेले गये पहले सीजन में चेरो आर्चर्स ने सेमीफाइनल तक का सफर तय करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था. इस बार टीम संतुलित दल के साथ बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान में उतरेगी. चेरो आर्चर्स के आठ सदस्यीय दल में चार रिकर्व और चार कंपाउंड तीरंदाज शामिल हैं. महिला और पुरुष खिलाड़ियों को समान प्रतिनिधित्व दिया गया है. कंपाउंड वर्ग में डेनमार्क के विश्व नंबर-1 मैथियास फुलरटन और भारत के नंबर-1 साहिल राजेश जाधव टीम की कमान संभालेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
महिला वर्ग में प्रीतिका प्रदीप और जसवीर कौर टीम का हिस्सा होंगी. रिकर्व वर्ग में भारत के अनुभवी तीरंदाज अतनु दास, यशदीप भोगे और कुमकुम अनिल मोहोद के साथ अमेरिका की विश्व नंबर-3 केसी कौफहोल्ड को शामिल किया गया है. स्टार खिलाड़ियों के इस संयोजन से टीम को अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का फायदा मिलने की उम्मीद है. टाटा आर्चरी एकेडमी की प्रमुख कोच, पद्मश्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित पूर्णिमा महतो चेरो आर्चर्स की रिकर्व कोच की भूमिका निभाएंगी. वह टीम की ब्रांड एम्बेसडर भी होंगी। वहीं विवेक कंपाउंड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे. एपीएल के दूसरे सीजन में छह फ्रेंचाइजी हिस्सा ले रही हैं। इनमें चेरो आर्चर्स के अलावा चोला चीफ्स, काकतिया नाइट्स, माइटी मराठास, पृथ्वीराज योद्धास और राजपूताना रॉयल्स शामिल हैं। सभी मुकाबले 15 सेकेंड के शॉट क्लॉक फॉर्मेट में खेले जाएंगे. चेरो आर्चर्स के लीग मुकाबले आठ से 17 अक्टूबर तक खेले जाएंगे. इसके तहत 8 अक्टूबर को चोला चीफ्स के खिलाफ, 9 अक्टूबर: को राजपूताना रॉयल्स के खिलाफ, 10 अक्टूबर को पृथ्वीराज योद्धास के खिलाफ, 11 अक्टूबर को काकतिया नाइट्स के खिलाफ, 12 अक्टूबर को माइटी मराठास के खिलाफ, 13 अक्टूबर को राजपूताना रॉयल्स के खिलाफ, 14 अक्टूबर को पृथ्वीराज योद्धास के खिलाफ, 15 अक्टूबर को काकतिया नाइट्स के खिलाफ, 16 अक्टूबर को माइटी मराठास के खिलाफ और 17 अक्टूबर को चोला चीफ्स के खिलाफ मैच होगा.




