बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरी पंचायत के पंचायत भवन प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. मुखिया तड़ित मुंडा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में सर्वप्रथम बापू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई. समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया तड़ित मुंडा ने कहा कि बापू के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने ग्रामवासियों को बापू के पदचिह्नों पर चलकर क्षेत्र में शांति, समरसता और सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही, स्वाधीनता संग्राम और राष्ट्र-निर्माण में बापू की अद्वितीय भूमिका का स्मरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने बापू की शिक्षाओं को आत्मसात करने और अपनी पंचायत को स्वच्छ, निर्मल और उन्नत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया. सभा के समापन के पश्चात ग्रामीण और प्रतिनिधियों ने श्रमदान कर पंचायत भवन परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया. अवसर पर पंचायत सचिव संतोष प्रभाकर, रोजगार सेवक हीरालाल पैड़ा, उर्मिला नायक, अनिता पैड़ा, झरना घोष, आरती मुंडा, टुना मंडल, सब्यसाची घोष, सुशांत घोष, सत्यवान पैड़ा, मिथुन मुंडा सहित पंचायत के वार्ड सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे.




