जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने जिला बदर(तड़ीपार) किए गए कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वह जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर चोरी-छिपे पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश कर आया था. शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर साकची पुलिस टीम ने उसे काशीडीह से सीतारामडेरा की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुल के पास से गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.पुलिस के अनुसार, जमशेदपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर निवासी राजकुमार सिंह उर्फ दाना (30), जो झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत जिलाबदर है, साकची थाना अंतर्गत काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा है. सूचना में यह भी आशंका जताई गई थी कि वह अन्य आपराधिक साथियों के साथ मिलकर किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहा है.(नीचे भी पढ़े)
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया. साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार, अविनाश उरांव और सशस्त्र बल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जिला बदर है और चोरी-छिपे जिले में प्रवेश कर आया था. पुलिस ने उसे संबंधित मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की.उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज अलग अलग थाने में दर्ज है.पुलिस के अनुसार, इन मामलों में आरोपी के खिलाफ आरोप-पत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं. जिलाबदर आदेश के उल्लंघन को लेकर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.




