चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना अंतर्गत बलांडिया गांव के जंगल में जंगली भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय बुजुर्ग की सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान प्रधान लागुरी के रूप में हुई है. वह बलांडिया गांव के मुखिया टोला का रहनेवाला था. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह प्रधान लागुरी जंगल की ओर शौच के लिए गया था. इसी दौरान एक जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया. भालू ने उसे जमीन पर पटक दिया और पंजों से बुरी तरह नोचकर घायल कर दिया.उसकी चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया. (नीचे भी पढ़े)
ग्रामीणों की मदद से प्रधान लागुरी को कुमारडुंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया. परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार शाम करीब 5:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना परिजनों ने वन विभाग को दे दी है. शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. इधर परिजनों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. साथ ही साथ मुआवजे की भी मांग की है.




