सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में जमशेदपुर-रांची मार्ग और कांड्रा मार्ग के क्रॉसिंग के समीप मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान छोटा गम्हरिया निवासी प्रेम महतो (20) के रूप में हुई है. घायल समीर दास को चांडिल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, प्रेम महतो और समीर दास ने करीब एक सप्ताह पहले चांडिल पॉलीटेक्निक में दाखिला लिया था. दोनों मंगलवार सुबह बाइक से चांडिल की ओर आ रहे थे. इसी दौरान क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रेम महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर उठे सवाल : हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों का आरोप है कि घटनास्थल पर न तो पर्याप्त डिवाइडर लगाए गए हैं और न ही क्रॉसिंग की स्पष्ट सूचना देने वाले संकेतक मौजूद हैं. सरायकेला-कांड्रा मार्ग को जोड़ने वाली इस क्रॉसिंग पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. समाजसेवी अरुण बागड़िया ने आरोप लगाया कि एनएचआई और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई है. उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां तत्काल डिवाइडर, क्रॉसिंग संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है. इधर, चांडिल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर एनएल-01-5754 को जब्त कर लिया है. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




