जमशेदपुर: सोनारी के कागलनगर स्थित गोल्डन टाउन में साटिन पिंक सैलून की आड़ में 12 से अधिक लोगों से करीब 2 करोड़ 51 लाख 80 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. मामले में सोनारी पुलिस ने सैलून संचालक पूनम अरोड़ा, उनके पति सन्नी अरोड़ा और बेटे सक्षम अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी उप-निरीक्षक परेश रजवार को सौंपी है.बिष्टुपुर के ओल्ड सर्किट हाउस एरिया निवासी शुभंकर चटर्जी की लिखित शिकायत पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई. शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2024 से मई 2026 के बीच आरोपियों ने फ्रेंडली लोन और बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर कई लोगों से रकम ली. सैलून में निवेश कराने और व्यापार में रकम लगाने का भरोसा देकर निर्धारित समय पर पैसा वापस करने का आश्वासन दिया गया था. भरोसे में आकर लोगों ने लाखों रुपये दिए.(नीचे भी पढ़े)
आरोप है कि समय पूरा होने के बाद रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी. दबाव बढ़ने पर भुगतान से इनकार करने के साथ धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायत में आरोपियों के अंडरवर्ल्ड से संबंध होने की बात कहकर डराने का भी उल्लेख है.शिकायत के अनुसार, हरजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस से 16.20 लाख, मनीष राखेजा से 21.40 लाख, अंकित सेठी से 17 लाख, नवीन अग्रवाल से 36.50 लाख, मोनक कुमार तेवरीवाल से 36.50 लाख, राजेंद्र खेमका से 25 लाख, शुभंकर चटर्जी से 17.20 लाख, पारस अग्रवाल से 25 लाख, रमेश कुमार यादव से 10.50 लाख, राहुल कुमार प्रसाद से 14 लाख, राकेश कुमार सिंह से 6 लाख, विकास कुमार से 14 लाख और सतेन्द्र पाल सिंह से 12.50 लाख रुपये लेने का आरोप है. पुलिस को व्हाट्सएप चैट, भुगतान रसीद, बैंक ट्रांसफर रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है. पुलिस बैंक खातों, यूपीआई आईडी और तीसरे पक्ष के खातों में हुए लेनदेन की जांच करेगी. मोबाइल फोन और कथित ठगी की रकम से अर्जित संपत्ति की भी पड़ताल की जाएगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि तीनों आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं.







