गालूडीह : उल्दा पंचायत के दिगड़ी गांव में मंगलवार रात ड्यूटी से घर लौट रहे 21 वर्षीय पिंटू कैवर्त पर चापड़ से हमला कर दिया गया. हमले में उसके हाथ, सिर और कान में गंभीर चोटें लगी हैं. घायल पिंटू को जादूगोड़ा पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया. पिंटू के पिता मिलू कैवर्त ने बताया कि मंगलवार रात उनका पुत्र उल्दा स्थित गोल्ड लाइन ऑटोमोबाइल कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहा था. गांव के पास पहुंचने पर अमित कैवर्त अपने कुछ साथियों के साथ वहां मौजूद था. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि अमित व उसके साथियों ने पिंटू को रोक लिया और उस पर चापड़ से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में पिंटू के हाथ, सिर और कान पर चोट लगी. वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया. घटना के बाद कुछ समय के लिए गांव में अफरातफरी की स्थिति बन गई. आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए. परिजनों के अनुसार, सोमवार को गांव में मनसा पूजा का आयोजन हुआ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही हमले में शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले की जानकारी ली. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.




