आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर-2 के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं रेलवे शिव मंदिर के संरक्षक श्रीनिवास यादव का निधन पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गहरा शोक प्रकट किया है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान देने का अनुरोध किया है. ज्ञातव्य है कि वे 62 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे. उनके निधन की खबर मिलते ही आदित्यपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई. (नीचे भी पढ़ें)

श्रीनिवास यादव केवल एक समाजसेवी नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य मानने वाले व्यक्तित्व के रूप में लोगों के बीच अपनी अलग पहचान रखते थे. रेलवे शिव मंदिर के निर्माण और उसके माध्यम से सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. मंदिर और सामाजिक कार्यों से उनका जुड़ाव केवल औपचारिक नहीं था. वे लगातार धार्मिक आयोजनों, सामाजिक गतिविधियों और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में सक्रिय रहते थे. (नीचे भी पढ़ें)
उनका सहज व्यवहार और लोगों के साथ आत्मीय संबंध उन्हें आम लोगों के करीब बनाता था. उनके निधन से आदित्यपुर ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिसने अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा समाज और धार्मिक सेवा के लिए समर्पित किया. उनके जाने से उनके परिवार के साथ-साथ मंदिर से जुड़े लोगों और पूरे सामाजिक क्षेत्र में एक गहरा खालीपन पैदा हुआ है. श्रीनिवास यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार और अपने सामाजिक कार्यों की स्मृतियां छोड़ गए हैं. उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा. उनके निधन पर पुरेंद्र नारायण सिंह सहित एसएन यादव, अश्वनी कुमार सिंह, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, शिक्षाविद सत्य प्रकाश सुधांशु, शिवचंद्र राय, अधिवक्ता संजय कुमार, मिथिलेश कुमार झा ने भी शोक प्रकट किया है.




