जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के तहत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को सुगम बनाने तथा मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन किया गया. इस क्रम में जमशेदपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन एवं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड सुबोध कुमार ने 48-जमशेदपुर पूर्वी एवं 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसएसजी हाई स्कूल, एसडीएसएम स्कूल फॉर एक्सेलेंस, राजकीय ठक्कर बापा मध्य विद्यालय व अन्य मतदान केन्द्रों में आयोजित कैंप में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, मतदाता सूची से संबंधित कार्यों तथा एसआईआर-2026 के तहत लंबित मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)

मेगा हेल्प डेस्क कैंप के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदाता विवरण में आवश्यक सुधार कराने तथा एसआईआर-2026 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सहायता उपलब्ध कराई गई. इसके अतिरिक्त, मतदाताओं को नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से संबंधित नोटिस के मामलों में आवश्यक दस्तावेज जमा करने, नोटिस का जवाब देने तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़ी अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कैंप का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने, मतदाता विवरण की त्रुटियों को दूर करने तथा एसआईआर-2026 के अंतर्गत लंबित मामलों के निष्पादन में सहायता प्रदान करना है. इसके माध्यम से मतदाताओं को अपने दस्तावेजों एवं आवेदन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए मतदान केंद्र स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराई गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में पात्र नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा प्राप्त आवेदनों एवं लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान ईआरओ-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.




