जमशेदपुर : कदमा थाना पुलिस ने क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर-14 में छापामारी कर दो देसी पिस्टल, 19 जिंदा गोलियों और एक स्मार्टफोन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, पुलिस ने एक विधि निरुद्ध बालक को भी पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी की हत्या करने की योजना बना रहे थे. इसके अलावा, आरोपियों पर संगठित गिरोह बनाकर हथियार के बल पर रंगदारी वसूलने का भी आरोप है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियारों से लैस होकर कदमा फार्म एरिया रोड नंबर-14 के आसपास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 के नेतृत्व में छापामार दल का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी के लिए पुलिस टीम जब फार्म एरिया रोड नंबर-14 के पास मैदान में पहुंची, तो वहां चार लोग एक साथ बैठे दिखाई दिए. पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे. हालांकि, पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो देसी पिस्टल, 19 जिंदा गोलियां और पोको कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद हुआ. इसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक विधि-निरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि कुछ दिन पहले शक्ति विभार का आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी के साथ विवाद हुआ था. इसी विवाद का बदला लेने के लिए वे विक्की नंदी की हत्या करना चाहते थे. इसी उद्देश्य से हथियार लेकर कदमा फार्म एरिया में एकत्र हुए थे. कदमा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर कदमा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को हथियार एवं गोलियों के बल पर डराने-धमकाने और लेवी वसूलने की बात भी बताई है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में हत्या, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और मारपीट से संबंधित कई मामले दर्ज होने की जानकारी भी मिली है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज रही है.





