बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की खेडुआ पंचायत के जयपुरा गांव निवासी पंचानन राणा और दीपक राणा का कच्ची दीवार वाला घर विगत दिनों हुई भारी बारिश में ध्वस्त हो गया था. घर ध्वस्त होने के कारण दोनों परिवार विगत 15-20 दिनों से प्लास्टिक और तिरपाल के बने घर में रहने को मजबूर हैं. गांव के दौरे पर पहुंचे भाजपा नेता ऋषि षाडंगी ने जानकारी मिलने पर दोनों परिवार से मिलकर मामले की जानकारी ली. परिजनों ने बताया कि विगत दिनों हुई बारिश में उनके घर ध्वस्त हो गए हैं और वे लोग परिवार संग प्लास्टिक के नीचे जीवन बसर कर रहे हैं. अबतक किसी ने भी उनकी सुधि तक नहीं ली है और वे आर्थिक रूप से मजबूत भी नहीं हैं कि वे दोबारा घर बनवा सकें. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद ऋषि षाड़ंगी ने इस संबंध में बीडीओ को मामले की जानकारी दी और दोनों परिवारों को आबुआ आवास योजना का लाभ देकर आवास निर्माण कराने की मांग की. इस संबंध में श्री षाडंगी ने कहा कि क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों को नहीं मिल पा रहा है जिससे जनता त्रस्त है और जन प्रतिनिधि मस्त हैं. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही बीडीओ से मिल कर उक्त दोनों परिवारों को सरकार की आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग करेंगे.








