जमशेदपुर : दुर्गापूजा के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है. इसी क्रम में बुधवार, 14 अक्टूबर को बागबेड़ा, जुगसलाई और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब केंद्रों पर छापेमारी की गई. इस दौरान 210 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब, 1.125 लीटर विदेशी शराब और 4 लीटर बीयर जब्त की गई. वहीं, बागबेड़ा से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उत्पाद विभाग के अनुसार, घाटशिला उत्पाद निरीक्षक के नेतृत्व में चलाये गए इस अभियान में टीम ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया बस्ती और सिद्धू-कान्हू मैदान, जुगसलाई थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे तथा सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में छापामारी की.छापामारी के दौरान बागबेड़ा से पप्पू रजक को गिरफ्तार किया गया. हालांकि वहां से अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए. फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को दुर्गापूजा के दौरान अवैध शराब की बिक्री और निर्माण पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.








