जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित रोड नंबर 17 में देर रात आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जाता है कि आग खान कॉम्प्लेक्स स्थित 99 शोरूम में लगी थी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बिल्डिंग को भी अपनी चपेट में ले लिया.
घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है. बिल्डिंग के पार्किंग, पहले और दूसरे तल्ले में आग फैली गयी, जिससे पार्किंग में लगी एक बाइक और कार जलकर राख हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलने के बाद आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. शोरूम के मालिक इम्तियाज के अनुसार, इस अगलगी में करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दमकल विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना था कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान आग फैलती रही, जिससे नुकसान बढ़ने की आशंका जताई गई. बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे का समय लगा. फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है.





