जमशेदपुर : विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में एक दर्दनाक हादसे में जमशेदपुर निवासी मजदूर संजीव कुमार सिंह की मौत हो गई. मृतक जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा के रहने वाले थे. वह फॉस्बेल इंडिया में मैकेनिकल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे. इस घटना से उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना स्टील प्लांट के कोक ओवन बैटरी-1 में हुई. बताया जाता है कि संजीव कुमार सिंह कोक भट्टी में भट्ठी संख्या 222 और 223 का निरीक्षण करने के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान वह गलती से भट्ठी संख्या 226 में गिर गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनका शव जली हुई अवस्था में बरामद किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों और पुलिस ने मामले की जानकारी ली. विशाखापत्तनम स्टील प्लांट पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद सोपोडेरा स्थित उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी.





