जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित श्रीवास्तव ने परविंदर सिंह को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के शहरी क्षेत्र का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश प्रभारी के. राजू एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के प्रति आभार व्यक्त किया है. अमित श्रीवास्तव ने कहा कि परविंदर सिंह पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं. उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय को देखते हुए शहरी क्षेत्र के अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी. (नीचे देखे पूरी खबर)

उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी को शहरी एवं ग्रामीण, दो अलग-अलग संगठनात्मक इकाइयों में विभाजित किए जाने से संगठनात्मक कार्यों के संचालन में काफी सहूलियत होगी. इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं, जनभावनाओं तथा राजनीतिक परिस्थितियों के अनुरूप संगठन को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेग. साथ ही, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने, जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को पंचायत से लेकर शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. अमित श्रीवास्तव ने विश्वास व्यक्त किया कि इस नई संगठनात्मक व्यवस्था के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने में तेजी आएगी..लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय, युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे आंदोलनों और अभियानों को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने में भी संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनहित के मुद्दों पर व्यापक जनसमर्थन जुटाने और जनआंदोलन खड़ा करने का आधार है. इस अवसर पर महामंत्री अमित श्रीवास्तव ने विजयादशमी, दीपावली एवं छठ महापर्व के शुभ अवसर पर जमशेदपुर सहित पूरे पूर्वी सिंहभूम के शहरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि इन पावन पर्वों को आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाएं. सभी धर्मों, समुदायों और परंपराओं का सम्मान करते हुए एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनें. त्योहार हमारी सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सद्भाव और पारस्परिक सहयोग का प्रतीक हैं इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर इन पर्वों का आनंद लें तथा समाज में शांति, समृद्धि और एकता बनाए रखने में अपना योगदान दें. अमित श्रीवास्तव ने आशा व्यक्त की कि इन पावन पर्वों के अवसर पर जमशेदपुर सहित पूरे पूर्वी सिंहभूम में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण कायम रहेगा तथा आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता और अधिक मजबूत होगी.





