जमशेदपुर: जादूगोड़ा के मुसाबनी प्रखंड स्थित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की सुरदा तांबा खदान में पिछले पांच दिनों से जारी ठेका मजदूरों की हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई. ठेका कंपनी आरके अर्थ रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बर्खास्त किए गए सात मजदूरों की वापसी और हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान करने के आश्वासन के बाद मजदूरों ने आंदोलन वापस ले लिया. मंगलवार की सी शिफ्ट से मजदूर काम पर लौट आए.बताया जाता है कि बीते 5 नवंबर को वेतन भुगतान में देरी का कारण पूछने पर ठेका कंपनी प्रबंधन ने कथित तौर पर सात मजदूरों को बिना किसी कारण बताओ नोटिस के बर्खास्तगी का पत्र जारी कर दिया था. कंपनी की इस कार्रवाई से मजदूरों में आक्रोश फैल गया. (नीचे भी पढे)

इसके विरोध में करीब एक हजार ठेका मजदूर 6 नवंबर से हड़ताल पर चले गए.आंदोलन की अगुवाई घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, झामुमो नेता बाघराय मार्डी और प्रधान सोरेन कर रहे थे. इस दौरान बाघराय मार्डी ने एचसीएल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मजदूरों के साथ हुए कथित अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की. उन्होंने एचसीएल के मुख्य प्रबंधक अर्जुन लोहार से भी मामले में जवाब मांगा.लगातार पांच दिनों तक चले आंदोलन के बाद मंगलवार को एचसीएल प्रबंधन, ठेका कंपनी के प्रतिनिधियों और मजदूर नेताओं के बीच बैठक हुई. वार्ता में ठेका कंपनी ने सातों मजदूरों की बर्खास्तगी पर आगे कोई कार्रवाई नहीं करने तथा हड़ताल की अवधि का भुगतान करने का भरोसा दिया. इसके बाद मजदूरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी.(नीचे भी पढे)
हड़ताल समाप्त होने से सुरदा माइंस में उत्पादन और कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है. वहीं, एचसीएल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली है.इस मौके पर झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. ठेका मजदूरों का शोषण करने वाली नीतियों के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी. मजदूरों के हक और न्याय के लिए वे हमेशा आवाज उठाते रहेंगे.बैठक में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, प्रधान सोरेन, बाघराय मार्डी, दाखिन टुडू समेत एचसीएल और ठेका कंपनी आरके अर्थ रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी मौजूद थे.












