रांची / जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा. मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 23 नवंबर तक बादल छाये रहेंगे और कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. हालांकी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है. 22 नवंबर को कोहरा के बाद बादल छाये रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश की आशंका है. वहीं 23 नवंबर को कोहरे के बाद दक्षिणी हिस्सों में यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले में बारिश का अनुमान है. 24 नवंबर से कोहरे के बाद आसमान साफ रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
शनिवार को इन आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट : जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान में सुबह से बादल छाये हुए है और रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है. राज्य के धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज में भारी बारिश का अनुमान है. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर एसीबी की बड़ी कार्रवाई, चाईबासा से पूर्व कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश चाईबासा में : बारिश के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक 34.4 मिमी वर्षा चाईबासा में दर्ज की गयी. बोड़ाम में 34.2 मिमी, घाटशिला में 32.6 मिमी, कुकरु में 31.2 मिमी, सिमडेगा में 28.2 मिमी, मंझगांव में 24.2 मिमी, बहरागोड़ा में 22.6 मिमी, जमशेदपुर में 22.4 मिमी, निमडीह में 21.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
24 नवंबर से बढ़ेगी ठंड : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं. इस दिन हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि 22 नवंबर को भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है. इसके बाद 23 नवंबर को राज्य के दक्षिणी भागों में हल्की बारिश की संभावना हैं. मौसम में सुधार के साथ बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है. 24 से मौसम साफ रहेगा और ठंड बढ़ेगी. पूर्वानुमान में बताया गया है कि दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में (3-5) डिग्री की गिरावट होगी, जिसके कारण ठंड में इजाफा होगा.















