जमशेदपुर: जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटनाओं के कारणों, प्रवर्तन कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई.राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपायुक्त ने एनएचएआई को स्पीड गन कैमरे के स्थान पर एएनपीआर कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया. जादूगोड़ा-पोटका सड़क पर झाड़ियों की कटाई कराने का निर्देश पथ निर्माण विभाग को दिया गया. वहीं, मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण करने को कहा गया.नेशनल हाईवे पर मरम्मत कार्य में अपेक्षित गुणवत्ता एवं सावधानी नहीं बरते जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य दिन के व्यस्त समय के बजाय कम यातायात वाले समय में कराया जाए. साथ ही, कार्यस्थल के दोनों ओर एक-एक व्यक्ति की प्रतिनियुक्ति की जाए, जो वाहन चालकों को दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगे. साकची गोलचक्कर के समीप ऑटो स्टैंड के विस्तार का प्रस्ताव भेजने, नीलडीह सिग्नल की मरम्मत कराने तथा मानगो बस स्टैंड से जर्जर बसों को हटाने का भी निर्देश दिया गया.सितंबर माह में हुई 23 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मृत्यु तथा 06 लोग घायल हुए. समीक्षा में सामने आया कि अधिकांश दुर्घटनाओं में वाहन चालकों की लापरवाही प्रमुख कारण रही. विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट नहीं पहनने तथा यातायात नियमों की अनदेखी के मामलों पर चिंता जताई गई.(नीचे भी पढ़े)
सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए की गई प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा में बताया गया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 210 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं तथा कुल 14,16,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया है. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित जांच एवं दंडात्मक कार्रवाई जारी रखी जाए. साथ ही, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक साइनेज, सड़क सुरक्षा अवसंरचना में सुधार तथा आम नागरिकों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए. सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने एवं दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में गुड सेमेरिटन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा गुड सेमेरिटन को चिह्नित कर नामित करने का निर्देश दिया. वहीं, सदर अस्पताल के समीप सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला अमिताभ भगत, यातायात डीएसपी, जिला शिक्षा अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई, आरसीडी, जुस्को सहित अन्य संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे.















