
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन में एनएस ग्रेड के कर्मचारियों का मुद्दा गरमाता नजर आ रहा है. इस कड़ी में एनएस ग्रेड के प्रखर नेता और कमेटी मेंबर समरेश सिंह और तरुण कुमार (दोनों पिलेट प्लांट) ने एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के मुद्दे पर यूनियन के टॉप थ्री नेता अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को रखा. इसके तहत इन लोगों ने मांग की है कि पुराने ग्रेड के कर्मचारियों की ही तरह एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के लिए भी रिटायरमेन्ट के बाद मेडिकल सेवा को बहाल किया जाये. मेंटेनेंस ( इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल) के कर्मचारी के लाइन ऑफ़ प्रमोशन को सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें भी ऑपरेशन के भांति एनएस 12 यानि की ब्लॉक 4 का प्रोविजन किया जाये. और एआइएमइ और आइएमइ में वर्ष 2019 तक एडमिशन लें चुके कर्मचारियों को ब्रिज कोर्स से राहत दिया जाये, क्योंकि इन लोगों को ब्रिज कोर्स करने से सम्बंधित नोटिफिकेशन 2020 मे आया है. इन दोनों ही कमेटी मेंबरों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन नेताओं ने दिया है और मैनेजमेंट से बातचीत कर रास्ता निकालने की बात कहीं है. वैसे आपको बता दें कि पिलेट प्लांट से ही संजय सिंह भी चुनाव जीतकर आते है, लेकिन वे उनके समूह में नहीं थे.





