जमशेदपुर: एनएच 18 एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान ग्रेडर मशीन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले कालीपद कर्मकार की पत्नी वैशाखी कर्मकार को एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड ने आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है. मंगलवार को जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ. इसके तहत कंपनी ने एक लाख रुपये नकद और सात लाख रुपये का चेक मृतक की पत्नी को सौंपा. गौरतलब है कि बीते 30 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3:30 बजे कालीपद कर्मकार सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान राजस्थान नंबर की ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी थी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घंटों एनएच-28 जाम कर दिया था. डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास की मौजूदगी में जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता की पहल पर मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद जाम हटाया गया था. इस मामले में एमजीएम थाना में केस दर्ज किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार को मृतक की पत्नी वैशाखी कर्मकार और कंपनी के प्रतिनिधि सह उप महाप्रबंधक (लोक प्रशासन) कृष्ण मोहन शुक्ला के बीच स्थानीय गणमान्य लोगों की मध्यस्थता में समझौता संपन्न हुआ. कंपनी की ओर से आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने के बाद वैशाखी कर्मकार ने इसकी लिखित रसीद भी दी. समझौता पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त राशि प्राप्त करने के बाद मृतक का परिवार इस दुर्घटना के संबंध में कंपनी से भविष्य में किसी अतिरिक्त आर्थिक सहायता या मुआवजे की मांग नहीं करेगा. हालांकि, बीमा क्लेम की प्रक्रिया में कंपनी की ओर से कोई आपत्ति नहीं की जाएगी. मौके पर कृष्ण मोहन शुक्ला, पिंटू दत्ता, रोहन कुमार गुप्ता, कृष्णा कर्मकार, नारायण कर्मकार, विष्णु कर्मकार, माणिक कर्मकार, लुटू हो, माधुरी कर्मकार, वैशाखी कर्मकार, अर्जुन सोरेन, हाराधन मुर्मू, रवि दत्ता और लालटू महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस संबंध में अर्जुन सोरेन ने बताया कि पिंटू दत्ता की पहल पर क्षेत्र में अब तक विभिन्न कंपनियों और आम लोगों से जुड़े मामलों में सैकड़ों लोगों को न्याय दिलाने में मदद मिली है. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पिंटू दत्ता के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए ही पीड़ित परिवार ने एनएच-18 से जाम हटाया था.












