चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के कामारीगोडा गांव में मंगलवार को दिव्यांग मोर्चा सह सामाजिक सुरक्षा पेंशन समाज पूर्वी सिंहभूम की एक बैठक कनक चन्द्र दास की अध्यक्षता में हुई. बैठक में दिव्यांगों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी. बैठक में जिला अध्यक्ष गंगा नारायण दास ने कहा कि अप्रैल 2026 से आठ माह से इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांग विधवा वृद्धा पेंशन राशि का भुगतान बंद है, जिसके कारण असहाय पेंशन धारियों की समस्या बढ़ गयी है. असहाय लाचार पेंशनधारी बैंक और प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट कर परेशान हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने जिला के उपायुक्त और झारखंड सरकार से निवेदन किया है कि जल्द से जल्द बकाया पेंशन राशि का भुगतान किया जाए ताकि दिव्यांगों की समस्याओं का समाधान हो सके. उन्होंने कहा कि मोर्चा के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर 3 दिसंबर को विश्व विकलांग दिवस को विरोध दिवस के रूप में पालन किया जाएगा और बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती का कार्यालय घेराव किया जाएगा और प्रखंड, अनुमंडल, जिला मुख्यालय पर भी प्रदर्शन किया जाएगा. बैठक में नारायण महतो, परमेश्वर नायेक, काशी नायेक, जितेन नायेक, जलधर महतो, मंजू बाला माहली समेत अन्य उपस्थित थे.












