Saraikela : जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहा है वैसे वैसे भारतीय जनता पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का हरसंभव प्रयास कर रही है. भाजपा पिछले एक पखवाड़े से राज्य भर में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित कर वैसे मतदाताओं तक सीधा पहुंचना चाहती है जो किसी न किसी रूप से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं. इसको लेकर राज्य भर के सभी जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जहां राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक घूम-घूम कर लाभार्थियों से लाभ के बदले वोट की अपील कर रहे हैं. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए भाजपा की ओर से सरायकेला विधानसभा में गुरुवार को सरायकेला स्थित टाउन हॉल में लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में राज्य सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने शिरकत की. अपने संबोधन में मंत्री सरयू राय ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं की विस्तार से लोगों को जानकारी दी और उन लाभार्थियों से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की. मंत्री सरयू राय ने मुंबई और हरियाणा में चुनावी रुझान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को इसके लिए धन्यवाद दिया. साथ ही मुंबई और हरियाणा की जनता को भी भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए धन्यवाद दिया. झारखंड की वर्तमान दशा पर मंत्री सरयू राय ने कहा कि यहां भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर एक बार फिर से काबिज होगी. उन्होंने काम के बदले वोट मिलने की बात कही. मंत्री ने दूसरे दलों को छोड़कर आये नेताओं का स्वागत किया, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करने से पार्टी आलाकमान को सचेत भी किया. वैसे मंत्री ने आने वाले दिनों में और भी दूसरे दलों के नेताओं का पार्टी में आने की संभावना जताई. वही कार्यक्रम में जोरदार बारिश के बावजूद काफी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे.





