
जमशेदपुर : इंटक को झारखंड की राजनीति में हिस्सेदारी बढ़ा दी जाये. मंदी से निबटने का उपाय कराने के लिए दबाव बनाने की जरूरत है. यह मांग यूथ इंटक के एक प्रतिनिधिमंडल ने की है. यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव नितेश राज, यूथ इंटक के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अंजनी पांडेय और धनंजय कुमार ने शुक्रवार को इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह से मुलाकात की. बेरमो स्थित उनके आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान इन लोगों ने मांग की कि झारखंड में होने वाले आगामी चुनाव में कांग्रेस के टिकट का जो बंटवारा होगा, उसमें इंटक के नेताओं और मजदूर नेताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि मजदूरों का सही प्रतिनिधित्व हो सके और मजदूरों की आवाज विधानसभा भवन में भी उठ सके. इन लोगों ने मौजूदा मंदी की स्थिति में मजदूरों पर आये संकट पर भी चर्चा की और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पर कंपनियों को बचाने के लिए वर्तमान हालात में अतिरिक्त छूट दिलाया जाना चाहिए ताकि मजदूरों का रोजी-रोजगार बच सके. इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि इस मुद्दे पर वे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी से बातचीत करने के बाद इसका फैसला ले लेंगे.



