सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर मार्ग पर सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है. बताते हैं कि आदित्यपुर एनआईटी के समीप बारुघुटु निवासी काठिया प्रधान अपनी पत्नी के साथ साइकिल से सरायकेला जा रहे थे. कालियाडूंगरी के समीप मुख्य सड़क पर दंपती को अज्ञात बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने काठिया प्रधान को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार को अस्पताल पहुंचे मृतक के भतीजे ने बताया कि काठिया प्रधान आदित्यपुर की एक कंपनी में कार्यरत थे और सोमवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी के साथ साइकिल से जा रहे थे. बताया गया कि घटना में काठिया प्रधान के सिर में गंभीर चोट आई थी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. मृतक की कोई संतान नहीं है. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं अज्ञात बाइक चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है.














