
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर थाना अंतर्गत चोरों का आतंक काफी बढ़ चुका है. आदित्यपुर के हरि ओम नगर और नगीना पुरी से सटे शांतिनगर सोसाईटी में बीते रात दस बजे दो संदिग्ध युवक रेकी के बाद स्कूटी की चोरी करके ले जाने वाले होते ही हैं कि स्थानीय लोगों की सक्रियता से वे भाग खड़े होते हैं. सीसीटीवी शांतिनगर सोसाईटी का है जहां सोसाईटी में दो संदिग्ध युवक रात दस बजे प्रवेश करते हैं और घरों के बाहर लगे दोपहिया वाहनों पर नजर डालते हैं. रेकी करते हैं और फोन पर किसी से बात करते हैं. एक युवक अपने सिर को सफेेद कपड़े से बांधे हुए था. लेकिन दूसरे युवक का मुंह साफ- साफ दिख रहा था. उनमें से पहले एक स्कूटी को चोरी करने की कोशिश करता है फिर हटता है तब गली के पास छुपा दूसरा युवक उसके सामने की तरफ खड़ी स्कूटी पर कोशिश करने को कहता है. जैसे ही उस स्कूटी पर चोर हाथ आजमा रहा होता है कि किसी की नजर अपने सीसीटीवी फुटेज पर चल जाती है और आवाज लगाता है. चोर तुरंत नदी की तरफ जाने वाले रास्ते की तरफ भागता है और दूसरा युवक दो मकान के बीच की गली से भाग जाता है. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस की गश्ती जब बढ़ती है तब चोर डरे रहते हैं लेकिन गश्ती कम देखकर उनकी भी हिम्मत बढने लगती है. पुलिस को चाहिए कि वह नदी से सटे इलाकों में गश्ती बढाए. अगर लोग सतर्क नहीं होते तो बीते रात कम से कम दो वाहनों की चोरी तय थी. लोगों ने कहा कि चोरों के आतंक से वे परेशान हैं. घर बंद करके जाना मुश्किल हो चला है. अगर चोरी हो जाए तो केस मुकदमे और सरायकेला जाकर गवाही देने में इंसान पिस जाता है लेकिन चोरी बंद नहीं होती.



