जमशेदपुर: प्रकृति विहार सोसाइटी,आदित्यपुर में शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के भव्य आयोजन की तैयारियां रविवार को भूमि पूजन के साथ शुरू हो गईं. सुबह पंडित द्वारा विधि-विधान से कराए गए इस पूजन में सोसाइटी के सैकड़ों निवासी, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे उपस्थित रहे.इस अवसर पर पूजा समिति की नई कार्यकारिणी अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महासचिव रंजीत परिडा और कोषाध्यक्ष संजय कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि इस वर्ष पूजा को और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा.इस वर्ष के पूजा आयोजन की रूपरेखा इस प्रकार है. प्रतिदिन भोग और महाप्रसाद की व्यवस्था, समिति ने निर्णय लिया है कि सप्तमी से लेकर दशमी तक हर दिन दोपहर में मां का खिचड़ी भोग और रात में सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद / रात्रि भोजन की व्यवस्था रहेगी. (नीचे भी पढ़े)

इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि सभी परिवार पूजा के दिनों में रसोई की चिंता से मुक्त रहकर अपना पूरा समय मां की आराधना और सामूहिक आनंद में लगा सकें. इसी तरह बच्चों के लिए रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे.इस बार बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए विशेष पहल की गई है. हर शाम आरती के बाद बच्चों द्वारा नृत्य, संगीत, फैंसी ड्रेस और ड्राइंग जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे ताकि उनमें हमारी संस्कृति के प्रति जुड़ाव और उत्साह बना रहे. साथ ही साथनवरात्रि के रंग को और गहरा करने के लिए गरबा महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. महिलाओं और युवतियों के लिए गरबा अभ्यास सत्र जल्द ही सोसाइटी परिसर में शुरू किया जाएगा.




