
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधी बेलगाम नजर आने लगे हैं. जहां बीते एक पखवाड़े के भीतर राहजनी, चोरी और गोली हवाई फायरिंग की घटना ने पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है. जहां बुधवार देर शाम एक बार फिर से चेन छिनतई करने वाले गिरोह ने तांडव मचाते हुए दो महिलाओं से चेन छिनतई की और विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाकर चलते बने. यह घटना आदित्यपुर एस टाइप के अटल पार्क के समीप साईं मंदिर के पास की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि एक बाइक पर तीन बदमाशों ने दो महिलाओं को निशाना बनाया. पहली महिला से चेन छिनतई के बाद तीनों बदमाश दूसरी महिला से भी चेन छिनने लगे. दूसरी महिला के विरोध करने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने कट्टा दिखाते हुए गोली चला देने की धमकी दी, जिसके बाद बदमाश दूसरी महिला से भी चेन छिनने में कामयाब रहे. लेकिन तभी मंदिर से कुछ लोगों को दौड़कर आते देख बदमाशों ने दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग कर दी. और तीनों बदमाश बाइक से टाटा-कांड्रा मेन रोड की ओर फरार हो गए. इनमें से केवल चालक ने हेलमेट पहन रखा था. घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की. बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं इस टाइप की रहने वाली थी इनमें से एक महिला 19/9 और एक महिला 19/ 12 की रहनेवाली है. आपको बता दें, कि बीते 19 अगस्त को भी आदित्यपुर के एलआईजी हाउसिंग कॉलोनी के पास बुजुर्ग महिला से चेन की छिनतई की गई थी. उस समय आधी चेन महिला के हाथ मे रह गई थी, जबकि आधी चेन बदमाश लेकर भागने में सफल रहे. पुलिस अब तक उस मामले में कोई खुलासा नहीं कर सकी है.




