आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के सफाई कर्मियों की टीम मंगलवार को बाबाकुटी में सक्रिय रही. कांग्रेस नेता सुरेशधारी की पहल पर टीम ने पहले जर्जर नाले के इर्द-गिर्द जमा गंदगी एवं फिर जलजमाव को साफ कराया. करीब छह महीने के बाद बाबा कुटी के रोड नम्बर एस-2 से होकर गुजरने वाले प्रमुख नाले की सफाई होने से क्षेत्र के लोगों में उत्साह दिखा. लोगों ने बताया कि इस नाले को लेकर कभी किसी जनप्रतिनिधि ने गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके कारण नाला जीर्ण शीर्ण हो चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 33 एवं 34 का यह प्रमुख नाला है. सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह जिला 20 सूत्री समिति के सदस्य सुरेशधारी क्षेत्र भ्रमण के क्रम में बाबा कुटी पहुंचे थे. वहां स्थानीय लोगों ने उन्हें रोड नंबर एस-2 की समस्याओं से अवगत कराया था. कांग्रेसी नेता ने मामले का संज्ञान लेते हुए नगर निगम के पदाधिकारियों से संपर्क साधा. नगर निगम ने मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को करीब दर्जनभर सफाई कर्मियों की पूरी टीम भेज कर नाले के इर्द-गिर्द फैली गंदगी एवं जलजमाव को साफ कराया. (नीचे भी पढ़ें)
उधर जलापूर्ति पाइपलाइन लगाने के लिए खोदे गए गड्ढों पर रीस्टोरेशन का काम बचा हुआ है. इसको लेकर सुरेशधारी ने जिंदल के अधिकारियों से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि 2 से 3 दिनों के भीतर रीस्टोरेशन का काम करा दिया जाएगा. वहीं सुरेशधारी ने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि सांसद गीता कोड़ा को इस नाले की इस दुरवस्था से सांसद गीता कोड़ा को अवगत कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि सांसद के आदित्यपुर भ्रमण के दौरान उनका विजिट करा कर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा. मौके पर भाजपा नेता दीपक सिंह, ब्रजेश कुमार, सिया शरण झा, दीपक कुमार, किशोर कुमार आदि मौजूद रहे. लोगों ने बताया कि इस तरह का प्रयास यदि पहले किया जाता तो नाले की स्थिति ऐसी नहीं होती.




