
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के संयुक्त केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के उपाध्यक्ष जगदीश नारायण चौबे ने सांसद गीता कोड़ा की प्रतिनिधि सह समाजसेवी अनामिका सरकार को सरायकेला-खरसावां केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति का संगठन सचिव नियुक्त किया है। श्री चौबे ने आशा व्यक्त की है कि सुश्री सरकार अपने दायित्वों का निर्वाह करते हुए दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शांति-व्यवस्था कायम करते हुए भाईचारे के संबंध स्थापित करने में सहयोग प्रदान करेंगी। (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर गम्हरिया स्थित दुर्गा पूजा मैदान के सामने शराब दुकान को बंद कराने को लेकर महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग की सांसद प्रतिनिधि अनामिका सरकार ने जिला उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र में उन्होंने कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालु पंडाल एवं मूर्ति देखने के लिए यहां पर आते हैं और वहीं पर शराब दुकान खुली होने की वजह से महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आए दिन शराब दुकानों में शराब पीकर शराबी छेड़खानी करने से बाज नहीं आते हैं। यहां तक कि शराब के नशे में छोटी-मोटी दुर्घटना प्रायः देखने को मिलती है। छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के दौरान भी शराबियों की नजर से बच कर जाना पड़ता है। अनामिका सरकार ने कहा है कि यथाशीघ्र शराब दुकान बंद नहीं होती है तो उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगी, जिसकी जवाबदेही संबंधित पदाधिकारी की होगी।





