आदित्यपुर : आदित्यपुर में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आशियाना ट्रेड सेंटर के समीप स्थित अवैध स्क्रैप टाल पर बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है. यह कार्रवाई गम्हरिया अंचलाधिकारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें सरकारी जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा जमाए स्क्रैप टाल को ध्वस्त कर दिया गया. यह जमीन अनाबाद बिहार, झारखंड सरकार की है. (नीचे भी पढ़ें)

अंचलाधिकारी के नेतृत्व में हुई यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि प्रशासन अब सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के मूड में है. स्क्रैप टाल कई वर्षों से बिना किसी वैध कागजात के संचालित हो रहा था, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और यातायात पर बुरा असर पड़ रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
सरकारी जमीन को मुक्त कराना भविष्य में जनहित की योजनाओं के लिए मार्ग प्रशस्त करता है. इस कार्रवाई से आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कब्जा करनेवालों के बीच एक कड़ा संदेश गया है. स्क्रैप टाल अक्सर नशेड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र बन जाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसे हटाने से आशियाना ट्रेड सेंटर के आसपास का वातावरण स्वच्छ और सुरक्षित होगा. कार्रवाई के दौरान अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह, प्रधान सहायक तरुण ठाकुर एवं अंचल कर्मी मौजूद रहे.



