आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवनारायणपुर निवासी गौतम मुंडा के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले गंगोत्री नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया. हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद शिवनारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है. स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.







