
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत वार्ड 30 प्लैटिना सिटी के समीप खरकई नदी में डूबने से आज फिर से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. गौरतलब है कि दो दिन पूर्व इसी जगह पर दो छात्रों के डूबने से मौत हो गई थी. मृतक का नाम कन्हैया राय बताया जा रहा है. बताया जाता है, कि मृतक की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय थी.

लॉकडाउन की वजह से नदी के उस पार से सस्ती सब्जियां लाने कल शाम घर से निकला था. इसी बीच लौटने के क्रम में तेज आंधी और बारिश के बीच वह नदी के भंवर में फंस गया, जिससे वह डूब गया. हालांकि कल शाम से ही युवक की तलाश जारी थी, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रात में तलाशी अभियान नहीं पूरा हो सका था. इधर आज स्थानीय गोताखोर युवकों ने घंटों मशक्कत के बाद मृत अवस्था में शव को बाहर निकाला.
मृतक का नाम कन्हैया राय बताया जाता है और वह मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है. फिलहाल घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. उधर घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के महासचिव विभाष चौधरी दल- बल के साथ मौके पर पहुंचे, और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. वहीं उन्होंने मांग की है कि उक्त घाट को डेंजर जोन घोषित करते हुए यहां बैरिकेडिंग की जाए. हालांकि इस नदी पर हजारों की आबादी आश्रित है, जहां लोग हर दिन नित्यकर्म के लिए पहुंचते हैं. वहीं हर साल इस जगह पर डूबने से दो तीन लोगों की असामाजिक मृत्यु होती रही है. मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्री और एक पुत्र है. मृतक पूजा- पाठ कराकर परिवार का भरण- पोषण करता था.






