पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के बामनी टोला बड़डीह में शुक्रवार देर रात चोरी की एक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. अज्ञात चोरों ने विजय मुर्मू के घर को निशाना बनाते हुए कमरे का ताला तोड़कर वहां से 3 खस्सी चुरा लिए. घटना देर रात की बताई जा रही है. यहां खस्सी चोरी की यह दूसरी घटना है, जिसे अपराधियों ने पुलिस द्वारा मुख्य सड़क पर लगातार गश्त अभियान चलाये जाने के बावजूद बेखौफ होकर अंजाम दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित विजय मुर्मू की पत्नी सुमित्रा मुर्मू ने बताया कि घर में कुल 26 खस्सी और बकरियां रखी गई थीं. चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और बाहर से लगे ताले को तोड़कर सिर्फ खस्सी लेकर फरार हो गए. इस चोरी से परिवार को लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. देर रात घटना की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए. इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार करीब दो माह पहले भी बामनी गांव में मुख्य सड़क किनारे स्थित निमाई मंडल के घर से बकरी चोरी की घटना सामने आई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.







