जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड के बीच टाटा–छपरा एक्सप्रेस में पेट्रोलिंग के दौरान आदित्यपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शराब की एक बड़ी खेप बरामद कर अवैध तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई बल्कि रेलवे मार्ग पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी सफलता मिली.(नीचे भी पढ़े)
आरपीएफ टीम ट्रेन में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक यात्री के सामान की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एक पिट्ठू बैग से 180 एमएल क्षमता की कुल 30 पैकेट शराब बरामद की गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब एक युवक द्वारा ले जाई जा रही थी, जिसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया.गिरफ्तार युवक की पहचान जुगसलाई एलआईसी बिल्डिंग निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब को मोकामा, बिहार ले जा रहा था. उसने यह भी बताया कि होली पर्व को देखते हुए ऊंचे दामों पर शराब बेचकर मुनाफा कमाने की योजना थी. (नीचे भी पढ़े)
आरोपी की मंशा से स्पष्ट है कि वह त्योहार के अवसर पर अवैध कारोबार को अंजाम देने की फिराक में था.आदित्यपुर आरपीएफ प्रभारी अजित कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें पहले से इस तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम को सतर्क किया गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि होली को लेकर आरपीएफ पूरी तरह अलर्ट है और ट्रेनों में लगातार निगरानी की जा रही है.फिलहाल आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया है. आरपीएफ ने यात्रियों और आम जनता को भरोसा दिलाया है कि रेलवे मार्गों पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.


















