
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर टोल ब्रिज पर रविवार रात एक बेकाबू ट्रेलर ने जमकर उत्पात मचाया. तेज रफ्तार ट्रेलर टोल बूथ को तोड़ते हुए आगे निकल गया. इसके बाद चालक ने मरीन ड्राइव की ओर लापरवाही से वाहन चलाते हुए रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी. आगे बढ़ने के दौरान वह सड़क के डिवाइडर से भी टकराया. ट्रेलर की खतरनाक ड्राइविंग देख स्थानीय लोग सतर्क हो गए और अपने वाहनों से उसका पीछा शुरू कर दिया. ( नीचे देखें पूरी खबर)

काफी दूर तक पीछा करने के बाद लोगों ने चालक पर ट्रेलर रोकने का दबाव बनाया, जिसके बाद वाहन रुक गया. ट्रेलर रुकते ही कुछ लोग उस पर चढ़ गए और चालक की चाबी अपने कब्जे में ले ली, ताकि वह दोबारा वाहन लेकर फरार न हो सके. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने ट्रेलर संख्या जेएच 05डीके 0549 को भी कब्जे में ले लिया है. स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है. हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच और जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.







