आदित्यपुर: गुरुवार की शाम हुई तेज बारिश के कारण आदित्यपुर के विभिन्न स्थानों पर जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो गई, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी. नगर निगम क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जमाव की समस्या देखने को मिल रही है.(नीचे भी पढ़े)
मुख्य मार्ग पर उत्कल ऑटोमोबाइल के पास दिखा जल जमाव
आदित्यपुर- कांड्रा मुख्य मार्ग पर उत्कल ऑटोमोबाइल के समीप जलजमाव हो गया. इस स्थिति ने एक बार फिर जेएआरडीसीएल की लापरवाही की पोल खोल दी. बारिश के बाद मुख्य मार्ग का सर्विस रोड भी जलमग्न दिखा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.(नीचे भी पढ़े)
जेएआरडीसीएल के विरुद्ध हो कार्रवाई: ओमप्रकाश
मुख्य मार्ग के सर्विस लेन के जलजमाव की समस्या पर जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने नाराजगी जतायी है. उन्होंने इस मामले में जेएआरडीसीएल के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि गलत नक्शा और लापरवाही के कारण इस तरह के हालात उत्पन्न हुई है. उन्होंने बताया कि हर बरसात में इस टोल रोड पर लोग इसी तरह की समस्याओं का सामना करते हैं, ऐसे में सवाल उठता है कि लोग टॉल क्यों दें?



