चाकुलिया : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने सदन में मंइयां सम्मान योजना से जुड़ी एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया. विधायक ने कहा कि मंइयां सम्मान योजना के अंतर्गत राज्य की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रूपए की सम्मान राशि प्रदान की जाती है, लेकिन 50 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही कई लाभुक महिलाओं का नाम स्वतः ही योजना से हटा दिया जाता है. इसके कारण उन्हें आर्थिक असुरक्षा और परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने सदन के माध्यम से मांग की कि 50 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद इन महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपए की पेंशन योजना से स्वतः जोड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें निरंतर आर्थिक सहयोग मिलता रहे और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. विधायक ने कहा कि इस व्यवस्था से राज्य की हजारों माताओं और बहनों को लाभ मिलेगा और उनके जीवन-यापन में सहूलियत होगी.







