
Bahragoda : स्थानीय विधायक कुणाल षाड़ंगी के कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ के बैनर तले बहरागोड़ा और चाकुलिया प्रखंड के हड़ताली पंचायत सचिवों ने अपनी नौ सूत्री मांग को लेकर धरना दिया. धरना पर बैठे पंचायत सचिव ‘हमारी मांगे पूरी करो’, ‘पंचायत सचिव संघ जिंदाबाद’ नारा लगा रहे थे. यहां पंचायत सचिव संघ के जिला अध्यक्ष रामचंन्द्र मुर्मू ने कहा कि पंचायत सचिवों के वरीयता को ध्यान में रखते हुए छठा वेतनमान के आलोक में मुफलिस अनुसचिवीय कर्मचारी की भांति पद का वर्गीकरण करते हुए पद के अनुसार ग्रेड पे निर्धारित कर 7वां वेतनमान संशोधित करने, प्रखंड पंचायत राज्य पदाधिकारी के 50 प्रतिशत पदों पर वरीयता के आधार पर अविलंब प्रोन्नति प्रदान करने, पंचायत सचिवालयों को क्रियाशील करने के लिए सभी पंचायत में लेखा लिपिक सह कम्प्यूटर ऑपरेटर अनुसेवक, रात्रि प्रहरी की अविलंब नियुक्ति के साथ ही प्रत्येक पंचायत में पंचायत सचिव की नियुक्ति करने, पंचायत सचिवालय से संबंधित कर्मी के लिए आवास का निर्माण करने समेत सात सूत्री मांग को लेकर पिछले 30 सितंबर से सभी पंचायत सचिव हड़ताल पर हैं. श्री मुर्मू ने कहा कि राज्य सरकार जब तक उनकी मांगों को नहीं मानती है तब तक पंचायत सचिवों की हड़ताल जारी रहेगी. धरना पर बैठे पंचायत सचिवों के पास विधायक मिले और उनकी समस्याओं से अवगत हुए, धरना पर बैठे पंचायत सचिवों ने विधायक को अपनी नौ सूत्री मांग पत्र सौंपा. इस दौरान विधायक कुणाल षाड़ंगी ने पंचायत सचिवों को आश्वस्त किया की वे उनकी मांगों को लेकर सरकार और विभाग के सचिव से बात कर जल्द समाधान करने का प्रयास करेंगे. धरना में गोष्टो बिहारी गोप, कुंज बिहारी साव, सुधांशु शेखर बांसुरी, संजय कुमार, कान्हुराम हांसदा, चंडीचरण भोल, अशोक महापात्रा, राजेन्द्र नाथ मुंडा, राम कृष्ण पातर, सूर्यकांत महतो समेत अन्य शामिल थे.



