
बहरागोड़ा : पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को दूरभाष पर जानकारी दी कि बहरागोड़ा प्रखंड के बंगाल सीमा से सटे चित्रेश्वर गांव के रास्ते बंगाल के लोग बेझिझक आना जाना कर रहे हैं. चित्रेश्वर गांव से सटे बंगाल के एक गांव में कोरोना वायरस से ग्रसित एक व्यक्ति पाया गया है, जिसका इलाज कोलकाता में चल रहा है. उक्त गांव के लोग इसी रास्ते से झारखंड में प्रवेश कर रहे हैं. अगर प्रशासन द्वारा पहल नहीं की गया तो बंगाल के रास्ते झारखंड के चित्रेश्वर गांव में बीमारी आ सकती है. पूर्व विधायक की मांग पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंगाल सीमा से सटे चित्रेश्वर गांव में बैरियर लगाया गया. बैरियर पर हस्त लिखित पोस्टर लगाये गये हैं, पोस्टर में ‘बाहरी व्यक्ति का गांव में प्रवेश निषेध’ लिखा हुआ है.

दूसरी ओर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए बड़शोल पुलिस द्वारा पूर्वांचल के विभिन्न गांव में पोस्टर साटकर लोगों को कोरोना वायरस से बचने के प्रति जागरूक किया गया है. पोस्टर में लिखा हुआ है कि ग्रामीण अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. सोशल डिस्टेंस बनाकर रखें. समय समय पर हाथ सैनिटाईजर या साबुन से धोयें. मास्क पहनकर रहें समेत अन्य एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गयी है. प्रशासन इस बीमारी से निपटने के लिये हरसंभव प्रयास कर रहा है और लोगों को जागरूक कर इस बीमारी से लड़ने के लिए सहयोग करने की अपील कर रहा है.







