जमशेदपुर : देश भर में शुक्रवार को यानी 11 सितंबर को सभी बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) ने विभिन्न मांगों को लेकर 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है. इसके बाद भी यदि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है. वहीं 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की भी चेतावनी दी गई है. इसे लेकर जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में भी बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. शुक्रवार को हड़ताल के कारण बैंक बंद रहेगा. उसके पश्चात दूसरा शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था प्रमुख मांग : प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, पीएलआई में समानता और लंबित मांगों का समाधान शामिल है. 8-9 सितंबर की वार्ता विफल रहने के बाद मंगलवार को रांची में यूनियन प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें हड़ताल को सफल बनाने की रणनीति तय की गई. सितंबर के बचे 20 दिनों में 10 दिन बैंक बंद रहेंगे. इनमें हड़ताल के अलावा दो शनिवार, तीन रविवार और 22 सितंबर की कर्मा पूजा की छुट्टी शामिल है. इससे नकदी निकासी, चेक क्लियरेंस, जमा-निकासी व अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हो सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
डिजिटल बैंकिंग का लें सहारा : शाखाओं में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण भले ही काउंटर सेवाएं बाधित रहें, लेकिन यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी. इसलिए किसी भी आपातकालीन पैसे के लेनदेन के लिए डिजिटल माध्यमों का ही उपयोग करें.




