जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीनगर ए रोड से 15 वर्षीय नाबालिग हुजैबा खान के लापता होने का मामला सामने आया है. हुजैबा बारीनगर ए रोड निवासी सोहेब खान का पुत्र है. परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात करीब 9:30 बजे वह घर से पास की दुकान पर दूध लेने के लिए निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. काफी देर तक हुजैबा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के साथ रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से भी उसके बारे में जानकारी ली गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है. इससे परिवार के लोग काफी चिंतित हैं. (नीचे भी पढ़ें)
हुजैबा के पिता सोहेब खान ने टेल्को थाना में लिखित शिकायत देकर बेटे के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी है. उन्होंने पुलिस से हुजैबा की तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है. वहीं, परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कि हुजैबा के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे तो तत्काल टेल्को थाना पुलिस अथवा परिजनों को सूचना दें. परिवार को उम्मीद है कि पुलिस और आम लोगों के सहयोग से हुजैबा जल्द सकुशल घर लौट आएगा.




