
चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक हुई. इस बैठक में ईट भट्ठों में कार्यरत बाल मजदूरों को चिन्हित करने और बाल विकास परियोजना में कार्यरत महिला सुपरवाइजर को 0 से 6 वर्ष के बच्चों को शत-प्रतिशत पोषाहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. बीडीओ ने बाल विवाह के रोकथाम के लिए विवाह आयोजन के सभी स्टेक होल्डर्स जैसे बैंड पार्टी, टेंट हाउस संचालक आदि को निर्देश दिया गया कि बाल विवाह होने की जानकारी पर प्रखंड प्रशासन को तत्काल सूचित करना सुनिश्चित करें, साथ ही सभी होटल मालिकों को भी पत्र के माध्यम से निर्देश देने के लिए कहा गया है कि बाल मजदूरी को किसी भी तरह से प्रोत्साहित नहीं करें और आसपास भी बाल मजदूर कार्यरत हों तो इसकी सूचना प्रखंड प्रशासन को अवश्य दें. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि बाल मजदूरी कानूनन जुर्म है ऐसे में कोई व्यक्ति अपने प्रतिष्ठान या निजी कार्यों में बाल मजदूरी कराते पकड़े जाते हैं तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. बैठक में बाल विकास परियोजना के महिला पर्यवेक्षक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समेत प्रखंड के कर्मी उपस्थित थे.




