पटना: बिहार की राजधानी पटना में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ, जहां ऑटो व हाइवा की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गयी. जबकि चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि हादसे के शिकार सभी लोग नालंदा जिले के रहने वाले है. (नीचे भी पढ़े)
घटना के संबंध में बताया जाता है कि पटना सिटी के अंतर्गत दनियावां गांव के पास यात्रियों से भरी आटो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मारी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए. इस घटना में सात महिला समेत आठ लोगों की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें पीएमसीएच भेजा गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है. टक्कर मारने के बाद हाइवा चालक वाहन को लेकर भाग निकला.घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है. ताकि हाइवा की पहचान की जा सके.



