
चाईबासा : चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने टाटा कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों की मांग को पूरा करने की घोषणा की है। विधायक दीपक बिरुवा ने टाटा कॉलेज की बाउंड्रीवाल का निर्माण डीएमएफटी फंड से कराने की घोषणा बुधवार को कॉलेज सभागार में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओ की तैयारी के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में की। श्री बिरुवा ने कहा बाउंड्रीवाल के अलावा टाटा कॉलेज के जिम्नेजियम का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा कॉलेज परिसर में 25 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण कराने की भी घोषणा की। कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों ने विधायक की इस पहल पर आभार जताते हुए तालियों से स्वागत किया। चूंकि फंड के अभाव में कॉलेज प्रशासन कॉलेज की बाउंड्री, परिसर में सड़क आदि आवश्यक समस्या दूर करने में असमर्थ था, जिसे विधायक के समक्ष रखा गया था। इसे विधायक दीपक बिरुवा ने गंभीरता से लेते हुए समस्या दूर करने की घोषणा की। इस अवसर पर डीसी, डीडीसी के अलावा कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.





