चाईबासा : सप्ताहिक हाट बाजार में व्यवसाय कर अपनी जीविका चलाने वाले निम्नवर्गीय व्यापारियों ने व्यवसाय के लिए अनुमति दिलाने का आग्रह चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा से किया है। शनिवार को सरनाडीह स्थित विधायक कार्यालय में बड़ी बाजार, बरकंदाज टोला के निम्न वर्गीय व्यवसायियों ने विधायक श्री बिरुवा को ज्ञापन भी सौंपा। व्यवसायियों ने बताया कि लॉकडाउन लागू होने के कारण करीब तीन माह से बाजार बंद है। अब स्थिति यह है कि निम्न वर्गीय व्यवसायियों की आर्थिक हालत खराब हो गई है। निम्न वर्गीय व्यवसायियों ने विधायक से आग्रह किया कि उन्हें सप्ताहिक हाट करने की अनुमति प्रदान कराई जाये, ताकि सभी गरीब व्यवसायी अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकें।
बिजली बिल माफ कराने की मांग
दूसरी ओर बिजली उपभोक्ताओं ने अप्रैल 2020 से जून 2020 की अवधि का बिजली बिल माफ कराने या फिर मध्य प्रदेश सरकार की तरह निर्धारित मूल्य के आधार पर बिजली बिल लेने की मांग सरकार से की है। इस संबंध में बड़ी बाजार निवासी बरकंदाज टोली निवासी मो रजा ने वार्ड वासियों का हस्ताक्षरयुक्त मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन विधायक दीपक बिरुवा को सौंपा।






