रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर-गुदड़ी : पीएलएफआई नक्सलियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए सरकारी काम बंद कराकर मिक्सचर मशीन को आग लगा दी. यह घटना घोर नक्सल प्रभावित गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंयाचत की है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंचायत में सरकारी भवन बन रहा था. पिछले शनिवार को भवन की छत की ढलाई का कार्य चल रहा था. उसी दौरान 10 से 15 हथियारबंद पीएलएफआई नक्सली आ धमके. छत ढलाई करा रहे मुंशी की पिटाई कर काम बंद करा दिया. बाद में नक्सलियों ने ढलाई कर रहे मजदूरों को भी भगा दिया. इसके बाद मिक्सचर मशीन से तेल निकाल कर मशीन में आग लगा दी. गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंचायत घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र है. इसलिए पुलिस रात में वहां नहीं गयी. जानकार सूत्र बताते हैं कि ठेकेदार द्वारा नक्सलियों को लेवी नहीं दिए जाने के कारण घटना को अंजाम दिया गया.







