
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : प्रवासी पंजीकृत व अपंजीकृत मजदूरों को सरकार की ओर से आर्थिक मदद को ले चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने प्रवासी पंजीकृत मजदूरों को सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग करने एवं कोरोना से राज्यवासियों को बचाने के लिए ऐतिहासिक कार्य व ऐतिहासिक फैसला के लिये सीएम को धन्यवाद दिया है. साथ ही आभार प्रकट किया है. पत्र में आग्रह करते हुए विधायक सुखराम उरांव ने कहा है कि प्रवासी मजदूरों में बड़ी संख्या में बैगर पंजीकृत किये ही पश्चिम सिंहभूम जिले समेत राज्य के विभिन्न जिलों के मजदूर विभिन्न राज्यों में गए हैं. वे लॉक डाउन के दौरान फंसे हैं. आज ऐसे मजदूरों को भी सहयोग करने की आवश्यकता है. विधायक सुखराम उरांव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि अपंजीकृत मजदूरों को भी सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग करने की दिशा में पहल की जाये.

विधायक सुखराम उपायुक्त को लिखा पत्र
चाईबासा के डीसी अरवा राजकमल को चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने पत्र लिखकर प्रवासी पंजीकृत मजदूरों की सूची मुहैया कराने की मांग की है. विधायक श्री उरांव द्वारा लिखे पत्र में कहा गया है कि झारखंड सरकार की ओर से प्रवासी पंजीकृत मजदूरों को आर्थिक सहयोग करने एवं राज्यवासियों कोरोना से बचाने के लिए के ऐतिहासिक फैसला लिया हैं, परंतु चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों में बगैर पंजीकृत मजदूर अधिक संख्या में विभिन्न राज्यों में रोजगार के लिए गए हैं. ऐसे मजदूरों को भी सहयोग करने की आवश्यकता हैय उन्होंने पत्र में आग्रह करते हुए लिखा है कि चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों की सूची उपलब्ध करा देने से बगैर पंजीकृत मजदूरों की पहचान होगी ऐसे में बगैर पंजीकृत मजदूरों की भी सूची वे अपने स्तर से बनाकर सरकार से सहयोग कराने की दिशा में आगे बढ़ेंगे.






