
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन होने से बाजार पूर्ण रूप से बंद है. लॉकडाउन के कारण सबर परिवार और मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले परिवार के समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न हो रही है. शनिवार को विधायक समीर महंती जुगितुपा पंचायत के मुड़ाठाकुरा सबर टोला पहुंचे. वहां वह सबरों की समस्याओं से अवगत हुए. सबर परिवारों ने विधायक से कहा कि आर्थिक कमी के कारण वे अपना बिजली बिल नही भर पाये हैं, जिस कारण विधुत विभाग द्वारा उनके घरों का बिजली संयोजन काट दिया गया है. टोला के 20 से 25 सबर परिवार विगत दो माह से अंधेरे में रहने को विवश हैं. लॉकडाउन होने से उन्हें कहीं काम भी नहीं मिल रहा है, जिससे उनके समक्ष भुखमरी कि स्थिति उत्पन्न हो गयी है. सबरों की समस्या से अवगत होकर विधायक ने 65 सबर परिवारों के बीच दैनिक उपयोग की खाद्य समाग्री का पैकेट वितरण किया, जिसमे दाल, चीनी, तेल, साबुन, सर्फ, मुढ़ी, आलू, प्याज आदि शामिल था. विधायक ने सबरों को आश्वस्त किया कि लॉकडाउन खुलते ही सबर परिवारों के सभी सदस्य की पेंशन, आवास, विद्युत संयोजन, पानी आदि समस्याओं के समाधान को लेकर विभागीय सभी पदाधिकारियों से बात कर एक-एक कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा. इस दौरान बुबाई दास, नंद दास, विशाल बारिक, अमल दास, सुभाष गोप, सुकुमार पाल, राजू पात्र, प्रसेनजीत दास समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.





