
चाकुलिया : कोरोना वायरस के मद्देनजर सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा के बाद चाकुलिया में सभी दुकान और होटल बंद हैं. बाजार बंद होने से गरीब और लाचार लोगों के समक्ष भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है. वहीं लॉकडाउन होने से चाकुलिया में बाहर के फंसे वाहन चालकों के समक्ष भी भोजन की समस्या उत्पन्न हो रही है. समस्याओं को देखते हुए चाकुलिया निवासी युवा व्यवसायी सह भाजपा नेता सुशील शर्मा ने स्व लादुराम जोशी सेवा संस्थान के बैनर तले मोदी अन्न भंडार मुफ्त भोजन सेवा स्टाल लगाकर लोगों के बीच खिचड़ी और सब्जी का वितरण किया. इसका उद्घाटन बीडीओ लेखराज नाग, सीओ अरविंद ओझा, जगदीश प्रसाद शर्मा, सुशील शर्मा और पुत्र सौरभ शर्मा ने लोगों के बीच भोजन वितरण कर किया. इस अवसर पर बीडीओ व सीओ ने श्री शर्मा द्वारा किये जा रहे इस कार्य की सराहना की. सुशील शर्मा ने कहा कि सांसद विद्युत वरण महतो की पहल पर लोगों के बीच भोजन देने की पहल की गयी है. लॉकडाउन होने से चाकुलिया में गरीब, बाहरी मजदूर और चालकों के समक्ष भोजन की समस्या उत्पन्न हो रही है. इसे देखते हुए मुफ्त भोजन सेवा केन्द्र खोला गया है. जब तक देश और राज्य में लॉकडाउन है वह अपने स्तर पर लोगों के बीच दोपहर और रात की भोजन की व्यवस्था की जाएगी.








