
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए सरकार ने प्रखंड स्तर पर अल्प कालिन अतिरिक्त मुख्यमंत्री दाल भात योजना केन्द्र खोला गया है. चाकुलिया प्रखंड के मुंडा बहुल गांव जामुआ गांव के पंचायत भवन में मुख्यमंत्री दाल भात योजना केन्द्र खोला गया है. केन्द्र में रोजाना 400-450 मजदूर वर्ग और असहाय परिवार दोपहर में केन्द्र पहुंचकर खिचड़ी ग्रहण कर रहे हैं. पंचायत के मुखिया प्रभाष हांसदा ने बताया कि जामुआ गांव मुंडा बहुल गांव है और यहां की अधिकांश आबादी रोजाना मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार का भरण-पोषण करती है. सरकार द्वारा लॉकडाउन की घोषणा किये जाने से इनके समक्ष भोजन की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिसे देखते हुए प्रखंड प्रशासन पदाधिकारियों ने पंचायत में अतिरिक्त मुख्यमंत्री दाल भात योजना केन्द्र खोला गया है. मुखिया ने कहा कि केन्द्र खुलने से अधिकांश गरीब, मजदूर और असहाय परिवार के सदस्य केन्द्र पहुंचकर सरकार की योजना का लाभ ले रहे हैं.







